45 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेंगे दो जिलों के 29 गांव, सफर होगा सिर्फ 40 मिनट का
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इंदौर–उज्जैन के बीच प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 1692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है, जिसका लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। संभावना जताई जा रही है कि वर्ष 2026 के अंत तक यह सड़क आमजन के लिए खोल दी जाएगी।
45 मीटर चौड़ी और 46 किलोमीटर लंबी होगी सड़क
इंदौर–उज्जैन के बीच बनने वाली यह सिक्स लेन सड़क कुल 46 किलोमीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी होगी। सड़क का निर्माण उज्जैन के हरिफाटक ब्रिज से शुरू होकर इंदौर के अरबिंदो अस्पताल तक किया जा रहा है। अब तक लगभग 8 किलोमीटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इस पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर 8 फ्लाइओवर भी बनाए जा रहे हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
दो जिलों के 29 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस सिक्स लेन सड़क परियोजना से इंदौर और उज्जैन जिले के कुल 29 गांव सीधे तौर पर जुड़ेंगे। इनमें इंदौर जिले के 20 और उज्जैन जिले के 9 गांव शामिल हैं। सड़क निर्माण से इन क्षेत्रों में भूमि के दाम बढ़ने की संभावना है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आर्थिक लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड और 70 बॉक्स कल्वर्ट भी बनाए जा रहे हैं।
दिसंबर 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य
इस परियोजना का निर्माण मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण का लक्ष्य दिसंबर 2026 रखा गया है। सिक्स लेन सड़क के पूर्ण होने के बाद इंदौर से उज्जैन की दूरी मात्र 40 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही भी आसान बनेगी।
उज्जैन में विकास कार्यों को मिल रही नई गति
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 129 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया था। इनमें शिप्रा नदी के घाटों का नवनिर्माण, सड़क निर्माण सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि उज्जैन शहर के हर क्षेत्र में तेज़ी से विकास कार्य हो रहे हैं और सिंहस्थ-2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को शिप्रा का शुद्ध जल और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
